फॉरवर्ड थीम पर बीएसएल में लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

परिचालन उत्कृष्टता, जवाबदेही और अनुशासन को मजबूत बनाने पर रहा जोर

बोकारो, 31 जुलाई। बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) में “फॉरवर्ड – फोर्जिंग ऑपरेशनल रिजल्ट्स विद अकाउंटेबिलिटी, रिस्पॉन्सिबिलिटी एंड डिसिप्लिन” विषय पर लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संयंत्र के 290 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बीएसएल के निदेशक प्रभारी, अधिशासी निदेशक सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य बीएसएल के शीर्ष प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच पारदर्शी संवाद, विश्वास, जवाबदेही तथा अनुशासित कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करना था। संवाद सत्र के दौरान प्रबंधन ने सुरक्षा, गुणवत्ता, लागत नियंत्रण और समयबद्ध आपूर्ति को परिचालन सफलता की आधारशिला बताते हुए संसाधनों के बेहतर उपयोग, निरंतर नवाचार और टीम वर्क की आवश्यकता पर बल दिया।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

शीर्ष प्रबंधन ने कर्मचारियों से व्यक्तिगत प्रयासों को संगठन के वार्षिक लक्ष्यों के साथ जोड़ते हुए प्लांट के समग्र प्रदर्शन में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि सामूहिक सहभागिता और जिम्मेदार कार्यशैली से ही सतत परिचालन उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान वार्षिक व्यवसाय योजना 2026-27 के लक्ष्यों, संसाधनों के इष्टतम उपयोग, नवाचार एवं टीम वर्क, सुरक्षा और गुणवत्ता के प्रति जवाबदेही तथा कार्य निष्पादन में अनुशासन जैसे प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कर्मचारियों ने शीर्ष प्रबंधन के साथ सीधे संवाद कर अपने सुझाव साझा किए और उत्पादकता बढ़ाने तथा कार्यस्थल उत्कृष्टता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

बीएसएल प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम सहभागितापूर्ण कार्य संस्कृति को मजबूत बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हैं। यह पहल संयंत्र के मानव संसाधन को एकजुट कर परिचालन दक्षता, अनुशासित निष्पादन और सतत प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा वार्षिक व्यावसायिक लक्ष्यों की प्राप्ति में भी सहायक सिद्ध होगी.