– सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट
जनसंवाद कार्यक्रम में बोले केंद्रीय मंत्री, बाढ़ के विकास और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा
बाढ़, 26 जुलाई : जद(यू) के जनसंवाद कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास मॉडल को और अधिक मजबूती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार ने विकास की नई दिशा प्राप्त की है और राज्य के बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार के साथ-साथ बाढ़ क्षेत्र का भी समग्र विकास होगा और यदि भविष्य में कोई नया जिला बनाया जाता है तो बाढ़ को प्राथमिकता दी जाएगी।
रविवार को बाढ़ के डाकबंगला परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पार्टी कार्यालय का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं कार्यालय में दर्ज कराएं, जहां से सभी आवेदन सीधे उनके पास पहुंचेंगे और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विधायक अनंत कुमार सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह तथा राजा परीक्षित को माला पहनाकर आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने नीतीश कुमार सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट होकर विकास की गति बनाए रखने का आह्वान किया। वहीं विधायक अनंत कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों का अभिवादन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मंत्री श्रवण कुमार और विधायक अनंत कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पूर्व बाढ़ के मलाही गांव के समीप जद(यू) जिला कार्यालय का उद्घाटन भी केंद्रीय मंत्री और विधायक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस दौरान अभिषेक सिंह ने कहा कि राजनीति विरासत से नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प और जनहित के कार्यों से आगे बढ़ती है। उन्होंने समाज की सेवा को ही सच्ची राजनीति बताया।
जनसंवाद कार्यक्रम में प्रो. शंकर सिंह, जद(यू) किसान प्रकोष्ठ के मनोज कुमार, अथमलगोला प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजकिशोर, रामबहादुर सिंह, अशोक चंद्रवंशी, परशुराम पारस, कोंदी मुखिया मनोज राम, नगर परिषद सभापति संजय कुमार उर्फ गाय माता, राणा उदय सिंह, करजान के मुखिया प्रतिनिधि अनंत कुमार, धनावां-मुबारकपुर के मुखिया प्रतिनिधि धीरज प्रताप सिंह, कंजय सिंह, पंडारक प्रमुख प्रतिनिधि उदय कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन बाढ़ नगर परिषद के उपसभापति प्रतिनिधि रवि विद्यार्थी ने किया। जनसंवाद में बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों ने “ललन सिंह जिंदाबाद” और “अनंत सिंह जिंदाबाद” के नारे लगाए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।

