बाढ़ तैयारियों पर आयुक्त सख्त, 48 घंटे में तटबंध निरीक्षण के निर्देश

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

दरभंगा प्रमंडल में बाढ़ एवं सुखाड़ की तैयारियों की समीक्षा, संवेदनशील स्थलों पर सैंडबैग और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर

दरभंगा, 28 जुलाई 2026। संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की चुनौतियों को देखते हुए दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने सोमवार को जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिलों में तटबंधों की स्थिति, नदी कटाव, आपदा प्रबंधन तथा अंतर-जिला समन्वय सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिया कि यदि किसी तटबंध का निरीक्षण अब तक नहीं किया गया है तो अगले 48 घंटे के भीतर उसका अनिवार्य रूप से निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल एक बार निरीक्षण पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि प्रत्येक 15 दिन पर सभी तटबंधों की नियमित मॉनिटरिंग और सतत निगरानी की जाए, ताकि संभावित कमजोर स्थलों की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

आयुक्त ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जानी चाहिए। उन्होंने संवेदनशील एवं कटाव संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त मात्रा में सैंडबैग तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में नदी कटाव की वर्तमान स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं से कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि जहां भी कटाव की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके।

उन्होंने सभी अभियंताओं को आपदा प्रबंधन विभाग के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर विभिन्न जिलों के बीच संसाधनों, मानवबल और तकनीकी सहायता के आदान-प्रदान की व्यवस्था प्रभावी होनी चाहिए। इस संबंध में अंतर-जिला समन्वय तंत्र की भी समीक्षा की गई और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संयुक्त आयुक्त-सह-सचिव मनोज कुमार, सहायक निदेशक (योजना) प्रीति कुमारी सहित दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता तथा सहायक अभियंता उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights